कैथल: युवक ने वीडियाे में दाे महिलाओं समेत चार काे जिम्मेदार बता की आत्महत्या,आराेपी महिला ने भी दी जान
कैथल, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में आत्महत्या से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया जिसने कई सवाल खड़े कर दिए। ढांड क्षेत्र के 43 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने चलती कार में अपना वीडियो बनाया और उसमें दाे महिलाओं सहित चार लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। जब तक उसकी तलाश की गई, तब तक वह घर में मृत मिला। इस घटना के करीब पांच घंटे बाद वीडियो में नामजद एक महिला ने भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबकि महिला की मौत के मामले में फिलहाल इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। उसके परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। मृतक की पहचान ढांड निवासी दिलबाग (43) के रूप में हुई है। सुसाइड से पहले उसने कार में बैठकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कहा कि उसकी मौत के लिए कालू कालो, रानी नैन, सीमा और कृष्ण जिम्मेदार हैं। वीडियो में उसने यह भी कहा कि कालू से उसके पैसे लेने हैं और संबंधित लोगों को बख्शा न जाए।वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव घर में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतक की पत्नी सुमन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति ड्राइवरी का काम करता था। गांव के ही काला और कृष्ण के साथ उसका पैसों का लेन-देन था। उसके अनुसार दिलबाग ने काला को चार लाख रुपये और कृष्ण को तीन लाख रुपये दिए थे, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी दोनों ने रकम वापस नहीं की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब दिलबाग अपने पैसे मांगने लगा तो आरोपियों ने उसे रेप जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी। सुमन का कहना है कि बाद में कियोडक निवासी सीमा और रानी को भी इस विवाद में शामिल कर उसके पति पर दबाव बनाया गया।ढांड थाना के एसएचओ शक्ति सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला सीमा की मौत के मामले में परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। सीमा पर लगे आरोपों की जांच ढांड थाना पुलिस कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे