कैथल: स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने अवैध हथियाराें के साथ दाे युवकों काे पकड़ा
कैथल, 18 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सफलता मिली है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दाे देसी पिस्टल, दाे मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई शमशेर सिंह की टीम बुधवार काे गश्त पर थी। टीम जब हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर हरसोला कट के पास पहुंची, तो वहां तैनात सिपाही रवि को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि राकेश निवासी तितरम और अंकित निवासी नरड़ अपने पास अवैध हथियार लेकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और हाईवे से गांव प्याैदा की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान राकेश निवासी तितरम और अंकित निवासी नरड़ के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी राकेश के पास से एक देसी पिस्टल .32 बोर, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं आरोपी अंकित के कब्जे से एक देसी पिस्टल .32 बोर, एक मैगजीन और दाे जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे