कैथल: सेवा, समरसता और मानव कल्याण का संदेश देती हैं स्वामी ब्रह्मानंद की शिक्षाएं: हरविंद्र कल्याण
कैथल, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जगतगुरु स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की शिक्षाएं सेवा, समरसता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक ऊर्जा देने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
सोमवार को स्पीकर हरविंद्र कल्याण गांव मुंदड़ी स्थित गुरु ब्रह्मानंद आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गुरु ब्रह्मानंद जी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की और हवन यज्ञ में आहुति डाली।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देता है। गुरु ब्रह्मानंद जी की शिक्षाओं को अपनाकर परिवार और समाज को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार डालना बेहद जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ी मजबूत और जिम्मेदार बने।
स्पीकर ने कहा कि गुरु जी ने शिक्षा, बेटियों के उत्थान और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। उन्होंने संत समाज को नमन करते हुए कहा कि धर्म के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इस मौके पर महंत कृष्णानंद, संत रत्तना देवी, संत मां दर्शना देवी, पूर्व विधायक तेजवीर सिंह, सरपंच शशि, सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश और एसईपीओ अनुराग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे