कैथल: सेवा, संकल्प और जनभागीदारी से 2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र : नवीन जिंदल
कैथल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इसके बाद मौजूद लोगों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन को देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सेवा, संकल्प और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना होगा।नवीन जिंदल ने कैथल के युवाओं की खेल उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीतने वाले कैथल के खिलाड़ी हिमांशु ढिल्लों को बधाई दी। वहीं शंघाई में आयोजित प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली कैथल की बेटी मुस्कान की उपलब्धि की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं की ऐसी उपलब्धियां दूसरे युवाओं के लिए भी प्रेरणा हैं।कार्यक्रम के बाद सांसद नवीन जिंदल सहित अन्य अतिथियों ने मशाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा में हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान वंदे मातरम के उद्घोष के साथ नगाड़ा और बीन पार्टियों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, जिला प्रभारी अमरपाल राणा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीलाराम, कुलवंत बाजीगर, फूल सिंह खेड़ी, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, लेबरफेड चेयरमैन देवेंद्र पांचाल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, जिला महामंत्री मनीष शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सूदन, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा, खिलाड़ी और रेडक्रॉस वॉलंटियर्स भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे