कैथल: सीवन से हरिद्वार जा रहे कांवड़ियों की पिकअप पलटी, तीन गंभीर घायल

 




कैथल, 06 अगस्त (हि.स.)। कैथल के गांव सोलूमाजरा और टीक के बीच बुधवार देर रात हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रहे शिवभक्तों से भरी एक पिकअप गाड़ी का अचानक टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कई कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

सीवन कस्बे से करीब 15 कांवड़िए पिकअप वाहन में सवार होकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 10 बजे जब उनकी गाड़ी सोलूमाजरा और टीक गांव के बीच पहुंची तो पिकअप का पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ढांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया।

हादसे में घायल गोलू और सन्नी ने बताया कि वे सभी डाक कांवड़ लेने के लिए रात में ही सीवन से रवाना हुए थे, ताकि सुबह तक हरिद्वार पहुंच सकें। रास्ते में अचानक पिकअप का पिछला टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ढांड थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि पिकअप में कुल 15 कांवड़िए सवार थे। हादसे में मोनू, रिंकू और ध्रुव के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर मामले की आगे की कार्रवाई करेगी। नागरिक अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर यशवीर सिंह ने बताया कि हादसे में पांच से छह लोग घायल होकर अस्पताल पहुंचे थे। इनमें तीन घायलों के सिर में गंभीर चोटें होने के कारण उनका सीटी स्कैन कराया गया और उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे