कैथल: सीवन में बंद मकान को बनाया निशाना, बेटी की शादी के लिए रखे गहने व नकदी चोरी
कैथल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कस्बा सीवन में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब घर की महिला अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। पुलिस ने मामले में चाेराें के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीवन निवासी कुसुम ने पुलिस को दी शिकायत में गुरुवार काे बताया कि वह अपने बच्चों के साथ मायके कलायत गई हुई थी। घर पर ताला लगा हुआ था और कोई मौजूद नहीं था। बुधवार रात जब वह वापस लौटी तो देखा कि घर के मेन गेट का ताला सही था, लेकिन अंदर एक कमरे का ताला टूटा हुआ था और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी तोड़कर ले गए नकदी व गहने
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब 1.85 लाख रुपये की नकदी, सोने के दो लोकेट, एक सोने की अंगूठी, दो सोने के कोके तथा करीब 750 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़िता के अनुसार, यह नकदी और गहने उसकी बेटी की शादी के लिए रखे गए थे। चोरी से उसे करीब साढ़े छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शिकायतकर्ता ने कुछ युवकाें पर शक जताते हुए आरोपियों को जल्द पकड़ने और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है।
सीवन थाना के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे