कैथल: सामाजिक मुद्दाें काे लेकर एकजुट हुई चहल खाप, 22 काे जींद के अलेवा में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

 


कैथल, 01 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव कोटड़ा में चहल खाप की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर के विभिन्न गांवों से समाज के गणमान्य प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रधान बलबीर सिंह चहल (बड़ौदा) ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चहल खाप का अगला प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 22 मार्च 2026 को जींद जिले के गांव अलेवा में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रारंभिक रूपरेखा तय की गई। आयोजन स्थल, मंच व्यवस्था, आमंत्रण, पंजीकरण, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों के गठन पर भी विचार-विमर्श हुआ। स्वागत समिति, मंच संचालन समिति, प्रचार समिति और व्यवस्था समिति जैसी इकाइयों के गठन का प्रस्ताव रखा गया, ताकि कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के दौरान समाज के उन व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने सामाजिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक, सैन्य सेवा, तकनीकी, मेडिकल शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

इन प्रतिभाओं की सूची तैयार करने और उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करने की जिम्मेदारी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों को सौंपी गई है। वक्ताओं ने कहा कि इससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

बैठक के दौरान समाज में फैली कुरीतियों, आपसी मतभेदों और गौत्र से जुड़े विषयों पर गंभीर मंथन किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक एकता को मजबूत करने, शिक्षा के प्रसार को बढ़ावा देने और युवाओं को नशामुक्त एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

प्रदेश प्रधान ने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा और अनुशासन से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, खेल और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज का नाम रोशन करें।

बैठक में बलवान कोटड़ा, दलबीर सिंह चहल (एडवोकेट), प्रताप ग्रहणा, सुरजीत हरपुरा, मुंगत दिल्लोंवाली, अमरनाथ नरड़, सुरेश नरड़, जितेंद्र बड़ौदा, रामफल बोबुआ, सुभाष कोटड़ा, लहणा कोटड़ा, मनजीत चहल (सरपंच), रामरूप चहल (रधाना), रामफल रूखी, पवन महमूपुर और रामकिशन जौली सहित कई अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और सम्मेलन को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे