कैथल: सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई पिकअप, छह कांवड़िये घायल

 


कैथल, 10 अगस्त (हि.स.)। कैथल जिले के ढांड क्षेत्र में पबनावा गांव के पास सोमवार को डाक कांवड़ियों से भरी पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे गड्ढों में उतरकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में छह कांवड़िये घायल हो गए। सभी कांवड़िये हरिद्वार से कांवड़ लेकर सिरसा जा रहे थे।

पिकअप में करीब 12 से 15 कांवड़िये सवार थे। ढांड क्षेत्र में पबनावा गांव के पास अचानक सामने से वाहन आने पर चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में उतर गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान सोनू, दक्ष, आशीष, तरुण, अमित और रोहित के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल कांवड़ियों के सिर में चोटें आई हैं। फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि पबनावा गांव के पास हादसे की सूचना मिली थी। पिकअप में कांवड़िये सवार थे। छह घायल अस्पताल लाए गए, जिनमें से तीन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन कांवड़ियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे में घायल गांव ढूपड़ा, सिरसा निवासी रोहित और अमित ने बताया कि वे सुबह हरिद्वार से कांवड़ लेकर सिरसा के लिए रवाना हुए थे। कुरुक्षेत्र की ओर से ढांड में प्रवेश करते समय अचानक यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में पिकअप सड़क से उतर गई और पेड़ से टकरा गई।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे