कैथल: सांसद नवीन जिन्दल ने किया राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026 का शुभारंभ
कैथल, 13 जनवरी (हि.स.)। सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल की पहल और मार्गदर्शन में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026 की मंगलवार काे औपचारिक शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ स्वयं सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल ने करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है, जिसका सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है। अभियान का उद्देश्य देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके सही उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से शुरुआत करते हुए हरियाणा और उसके बाद पूरे देश में पुराने, क्षतिग्रस्त और खंडित हो चुके राष्ट्रीय ध्वज एकत्र किए जाएंगे। इन तिरंगों को विधिसम्मत, सम्मानजनक और पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रिया के माध्यम से नए स्वरूप में बदला जाएगा, ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा हर स्तर पर बनी रहे। सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने देश में पहली बार यह अभिनव पहल शुरू की है, जिसके माध्यम से पुराने तिरंगों को सम्मानपूर्वक नवीन स्वरूप दिया जाएगा। यह अभियान न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान को बढ़ाएगा, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और राष्ट्रीय गौरव की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
इस अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए एक लंबी और ऐतिहासिक कानूनी लड़ाई लड़ी। उन्होंने लगभग 30 वर्ष पूर्व दिल्ली हाईकोर्ट और 22 वर्ष पूर्व माननीय सुप्रीम कोर्ट से फैसले प्राप्त कर यह अधिकार आमजन को दिलवाया।
रविंद्र धीमान ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सेमिनार, पदयात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनसंवाद जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को तिरंगे के सम्मान, उसके नियमों और राष्ट्रभक्ति के सकारात्मक मूल्यों से जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पहले पूरे हरियाणा प्रदेश और फिर देशभर में संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर एडवोकेट मनोज दुआ, कैथल के चारो हलकों के प्रभारी व टीम के सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे