कैथल: सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी : सतपाल जांबा
कैथल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया। देश की असली ताकत उसकी एकता और आपसी भाईचारे में निहित है। वे शनिवार को जिला कारागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में बताैर मुख्यातिथि बाेल रहे थे।विधायक ने कहा कि सरदार पटेल ने अपना जीवन देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया। भारत विविध भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों वाला देश है, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश एकता, अखंडता, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से सरदार पटेल के योगदान और आदर्शों को वैश्विक पहचान मिली है। वहीं, हरियाणा सरकार भी सुशासन, विकास और सामाजिक समरसता के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से 562 रियासतों को एक कर देश को मजबूती प्रदान की। उनका जीवन जनकल्याण और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बंदियों से अपनी गलतियों से सबक लेकर नया जीवन शुरू करने की अपील की और कहा कि उनके परिवारजन उनका इंतजार कर रहे हैं।
गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने जिला कारागार में स्वच्छ पेयजल की सुविधा के लिए आरओ लगवाने की घोषणा भी की।कार्यक्रम के अंत में विधायक सतपाल जांबा और अन्य अतिथियों ने बंदियों को फल वितरित किए। इस मौके पर पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, जेल अधीक्षक अशोक कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सिंह सैनी, डीएसपी शैलाक्षी भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे