कैथल: समाधान शिविर में गूंजे अवैध कब्जे, अतिक्रमण और सीवरेज के मुद्दे

 


कैथल, 04 मई (हि.स.)। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। उपायुक्त अपराजिता ने स्पष्ट कहा कि समाधान शिविर जनता की समस्याओं के त्वरित निपटान का प्रभावी मंच हैं और यहां प्राप्त होने वाली हर शिकायत का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के बाद तुरंत एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) अपलोड की जाए, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

शिविर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं सामने आईं, जिनमें अवैध कब्जे, अतिक्रमण, सीवरेज और गंदे पानी की निकासी प्रमुख रहे। ग्राम पंचायत हरसोला के प्रतिनिधियों ने सीवरेज और जल निकासी की गंभीर समस्या उठाई, जिससे करीब 150 से 200 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। इस पर डीसी ने संबंधित विभाग को स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।

गांव नरड़ निवासी रामपाल ने पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी की शिकायत दी। इस मामले में डीसी ने पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं रेलवे गेट के पास अवैध अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम और आपातकालीन सेवाओं में आ रही बाधाओं को लेकर नागरिकों ने चिंता जताई। इस पर नगर परिषद को कार्रवाई के निर्देश देते हुए डीसी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए क्षेत्रवार शेड्यूल तैयार करने को कहा।

गांव किठाना की एक बुजुर्ग महिला ने फैमिली आईडी में त्रुटि के कारण बीपीएल राशन कार्ड कटने की शिकायत दर्ज कराई। डीसी ने इस मामले में संबंधित विभाग से सात दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है।

इसके अलावा प्रताप गेट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और जर्जर स्थिति को लेकर भी शिकायत सामने आई। इस पर एडीसी की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी गई है। वहीं एक महिला द्वारा बाल कल्याण समिति में प्रशिक्षण की अनुमति के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया गया।

डीसी अपराजिता ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बेहद जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश कुमार राविश, एसडीएम संजय कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी बीरभान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे