कैथल: सड़क निर्माण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, एडीसी ने ली बैठक
कैथल, 01 मई (हि.स.)।
जिला में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एडीसी सुशील कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे तौर पर आमजन के जीवन से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी संबंधित विभाग जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि रोड सेफ्टी मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय रोड सेफ्टी कमेटी की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सड़क निर्माण, मरम्मत, जल निकासी और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीसी ने पूंडरी-करनाल रोड, ढांड रोड, कौल, चंदाना और राजौंद क्षेत्र में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां-जहां निर्माण कार्य लंबित हैं, वहां तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पहले सभी मुख्य सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।
बैठक में सामने आया कि कई स्थानों पर सीवरेज जाम और जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस पर एडीसी ने पब्लिक हेल्थ विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सीवर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि सड़कों को नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने सभी चौकों पर रिफ्लेक्टर लगाने, सड़कों के किनारे बर्म की सफाई करने और अवैध कटों को नियमित रूप से बंद करने के निर्देश भी दिए। नगर परिषद को शहर में अतिक्रमण हटाने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पानी सड़कों पर जमा न हो।
एडीसी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि किए गए कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन किया जाए और फोटो सहित एटीआर समय पर प्रस्तुत की जाए। इस अवसर पर गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीडीपीओ रितु लाठर, डीईओ सुभाष, गैर सरकारी सदस्य सतीश सेठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे