कैथल: श्मशान घाट की पर्ची में कटिंग कर बनवाया फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, केस दर्ज
कैथल, 01 मई (हि.स.)। शहर में फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है, जहां श्मशान घाट की पर्ची में कटिंग कर गलत तारीख दर्शाते हुए मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप लगा है। इस मामले में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप सोलंकी की शिकायत पर प्रताप गेट निवासी सुनील मदान के खिलाफ सिटी थाना में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, जिला पालिका आयुक्त कार्यालय में सुभाष नगर निवासी हरीश कुमार ने आरोप लगाया था कि नरेंद्र कुमार की मृत्यु की गलत तारीख दर्ज कर प्रमाण पत्र बनवाया गया है। इसके लिए श्मशान घाट की रसीद, रिपोर्ट फार्म, वार्ड पार्षद से सत्यापित दस्तावेज सहित अन्य कागजात 21 जुलाई 2023 को नगर परिषद कार्यालय में जमा करवाए गए थे। कार्यालय रिकॉर्ड के अनुसार जारी किए गए मृत्यु प्रमाण पत्र में मृत्यु तिथि तीन जुलाई 2023 दर्शाई गई, जबकि जांच में सामने आया कि नरेंद्र कुमार की वास्तविक मृत्यु दाे जनवरी 2023 को हुई थी और अंतिम संस्कार तीन जनवरी को किया गया था।
आरोप है कि मृतक के बेटे सुनील मदान ने श्मशान घाट की पर्ची में कटिंग कर तारीख बदल दी और उसी आधार पर गलत प्रमाण पत्र बनवाकर नगर परिषद को गुमराह किया। बताया जा रहा है कि यह फर्जीवाड़ा बीमा समेत अन्य लाभ लेने के उद्देश्य से किया गया।
सिटी थाना प्रभारी गीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे