कैथल: शादी के दाे दिन बाद साेने चांदी के जेवराज सहित दुल्हन फरार
कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। जिले में शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन द्वारा जेवर लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के कलायत क्षेत्र में करीब 21 वर्षीय नवविवाहिता मधु शादी के दो दिन बाद ही घर से गायब हो गई। विवाहिता के पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर साथ लेकर फरार हो गई है।
पीड़ित युवक ने गुरुवार काे बताया कि तीन मार्च की रात को परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान उसकी पत्नी चुपचाप घर से निकल गई। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और दुल्हन भी घर में नहीं थी। परिवार का आरोप है कि युवती ने घरवालों को नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया हो सकता है।
परिवार ने युवती की तलाश के लिए रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से भी संपर्क किया, लेकिन कहीं से भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पति के अनुसार, दुल्हन घर से चांदी की चेन, चांदी की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र और नाक का कोका लेकर फरार हुई है। इन गहनों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। युवक ने पुलिस से गहनों की बरामदगी और आरोपी युवती की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, युवक की शादी एक मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश के एक गांव में मंदिर में करवाई गई थी। यह रिश्ता यूपी की रहने वाली एक महिला ऊषा ने करवाया था। परिवार का आरोप है कि बिचौलिया महिला ने रिश्ता करवाने के बदले उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये भी लिए थे। शादी के समय लड़की का परिवार और बिचौलिया महिला दोनों मौजूद थे। कलायत थाना के जांच अधिकारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार विवाहिता की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे