कैथल : शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग, रिकवरी एजेंट के हाथ में लगी गोली

 


कैथल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। शहर में जाखौली अड्डा स्थित शराब के ठेके पर गुरुवार की रात हमलावरों ने रिकवरी के लिए आए दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में एक युवक के हाथ में गोली लग गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अमित और राहुल ठेके की सेल का पैसा लेने के लिए अपनी कार में सवार होकर जाखौली अड्डा पहुंचे थे। जैसे ही दोनों युवक कार से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बैठे पांच से छह बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से ठेके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के दौरान अमित के हाथ में गोली लग गई। घायल अवस्था में भी उसने हिम्मत दिखाई और किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। परिजनों और साथियों की मदद से उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं और उन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस प्रारंभिक जांच में मामले को पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जोड़कर भी देख रही है। जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे