कैथल: व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश में लाभ का झांसा देकर 22.90 लाख रुपये ठगे
कैथल, 27 मार्च (हि.स.)। जिले में साइबर ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए एक युवक को निवेश सिखाने का झांसा देकर 22 लाख 90 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले भरोसा जीता, फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठ ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के माता गेट निवासी सुनील कुमार ने साइबर क्राइम थाना में दी शिकायत में बताया कि 22 जनवरी को उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश करना सिखाया जाएगा और इसके लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी। वह उनकी बातों में आ गया। इसके बाद उसे एक अन्य नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करने को कहा गया। 26 जनवरी को उसने उस नंबर पर मैसेज कर निवेश की जानकारी ली। ठगों ने उसे बताया कि शेयर बाजार में निवेश करने पर 20 प्रतिशत तक मुनाफा हो सकता है। इसके बाद उससे नाम, पता, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी ले ली गई। रिपाेर्ट के अनुसार ठगों ने उसे एक ऐप डाउनलोड करवाई और एक व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक भेजा, जिसमें वह जुड़ गया। ग्रुप में केवल चार सदस्य थे और रक्षिता वैद नाम की एक महिला खुद को फाइनेंशियल कोच बताकर निवेश संबंधी संदेश भेजती रहती थी।
सुनील के अनुसार 29 जनवरी को 10 हजार रुपये और 3 फरवरी को 30 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद ठगों ने उसे ज्यादा मुनाफे का लालच देते हुए ओटीसी और आईपीओ में निवेश करने के लिए कहा। उनकी बातों में आकर उसने 10 फरवरी को दाे लाख 20 हजार रुपये, 18 फरवरी को छह लाख 45 हजार रुपये और दाे मार्च को 13 लाख 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पांच मार्च को जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने एक फर्जी कंपनी का पत्र भेजकर लाभ राशि निकालने के लिए सर्विस फीस के नाम पर 38 लाख रुपये की मांग की। तब उसे ठगी का अहसास हुआ।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
उन्हाेंने लाेगाें से अपील की है कि अनजान व्हाट्सएप ग्रुप या कॉल के जरिए मिलने वाले निवेश के प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले संबंधित कंपनी और प्लेटफॉर्म की पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे