कैथल: वैदिक मंत्रोच्चारण व जनजागरण के साथ हिंदू महासम्मेलन सम्पन्न
कैथल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के सेक्टर 19 में रविवार को हिंदू महासम्मेलन का भव्य आयोजन वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-यज्ञ और जनजागरण कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें महंत रमन पुरी महाराज एवं महंत रूद्र पुरी महाराज ने पूर्ण आहुति डालकर उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। वैदिक विधि-विधान से पं. नरेश शर्मा एवं उनके विद्यार्थियों ने हवन सम्पन्न कराया। वातावरण वेद मंत्रों से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं ने धर्म एवं संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. डॉ. राजेंद्र कुमार अनायत एवं कुलसचिव डॉ. संजय गोयल ने भी पूर्ण आहुति डालकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। समाजसेवी रामप्रताप गुप्ता, बहादुर सैनी तथा डॉ. आरपी मान सहित अनेक प्रमुख व्यक्तियों ने यज्ञ में भाग लिया।सभा को संबोधित करते हुए महंत रमन पुरी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से धर्म, संस्कार और संस्कृति के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। कुलगुरु प्रो. अनायथ ने हिंदू धर्म के सिद्धांतों की व्यावहारिकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सनातन परंपरा जीवन को संतुलित, अनुशासित और नैतिक दिशा प्रदान करती है।डॉ. आरपी मान ने समाज सेवा को धर्म का सर्वोच्च रूप बताते हुए चिकित्सा सेवा के माध्यम से समाज के प्रति समर्पित रहने की घोषणा की। समाजसेवी बहादुर सैनी ने नई पीढ़ी को मोबाइल फोन के दुष्प्रभावों से बचाने की अपील की और अभिभावकों से बच्चों के संस्कारों पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रधान अग्रवाल सभा एवं समाजसेवी रामप्रताप गुप्ता ने हिंदू जागरण के इस प्रयास की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।मुख्य वक्ता कुलदीप ने संकटकाल में हिंदू समाज की सकारात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब समाज पर विपत्ति आई है, तब-तब संगठित प्रयासों से समाधान निकाला गया है। उन्होंने उपस्थित लोगों से हिंदू संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। प्रसिद्ध भजन गायक रामनिवास आर्य, सलोनी शर्मा एवं मानसी ने राष्ट्रभावना और धार्मिक चेतना से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से भर गया। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।मंच संचालन महावीर शर्मा ने किया। संयोजक उमेश शर्मा ने सभी सहयोगी संस्थाओं, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति के सदस्यों में माननीय प्रीतम जी के नेतृत्व में उमेश शर्मा, सुभाष गिल, सतप्रकाश अग्रवाल, गोपाल भट्ट, अशोक अत्रि, महावीर शर्मा, रामपाल राणा, सुल्तान, सुशील, सुरेंद्र द्विवेदी, रमेश, नूतन एवं अशोक भारद्वाज सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने विभिन्न व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे