कैथल: वाहन की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत

 

कैथल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के गांव खरकां के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक शनिवार देर रात बाइक पर सवार होकर काम से अपने घर लौट रहा था, तभी गांव के मुख्य मार्ग पर किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। गांव खरकां निवासी हरपाल सिंह का 17 वर्षीय बेटा कर्ण बाइक रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। वह रोज की तरह सुबह काम पर गया था और रात को काम समाप्त कर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंचा, पीछे से आए तेज रफ्तार एक वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्ण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि कर्ण मेहनती और जिम्मेदार बेटा था, जो कम उम्र में ही काम सीखकर परिवार का सहारा बनने की कोशिश कर रहा था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसका एक छोटा भाई है। उन्होंने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गुहला थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। थाना के जांच अधिकारी नायब सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे