कैथल : वाहन की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत, दोस्त घायल

 


कैथल, 09 सितंबर (हि.स.)। कैथल-जींद मार्ग पर गांव किठाना के बाहर बुधवार को वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान जींद जिले के गांव अलेवा निवासी नितिन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नितिन अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर किठाना से कैथल की ओर आ रहा था। गांव से बाहर निकलते ही कैथल-जींद रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर किठाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से नितिन को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का उपचार कराया गया। नितिन के परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा भाई साहिल है। परिवार की किठाना में दरवाजे-चौखट की दुकान बताई जा रही है। मृतक के भाई साहिल के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। किठाना चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे