कैथल : राजौंद में किसान के खेत में रखी पराली को लगाई आग, 16 लाख का नुकसान
कैथल, 01 मार्च (हि.स.)। कैथल जिले के कस्बा राजौंद में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसान के खेत में रखे पराली के गट्ठों में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस आगजनी में पांच से साढ़े पांच हजार क्विंटल पराली जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने घटना की शिकायत राजौंद थाने में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर छह राजौंद निवासी रोमी राणा ने रविवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती के साथ-साथ फसल अवशेष प्रबंधन का कार्य भी करता है। उसने अपने खेत में बीर बांगड़ा रोड पर पराली की गांठों का स्टॉक लगा रखा था। शनिवार रात वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके भतीजे राहुल ने सूचना दी कि खेत में रखी पराली में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही रोमी राणा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड, डायल 112 और जेसीबी को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग इतनी भयानक थी कि उसे काबू करने में करीब तीन घंटे का समय लग गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक पांच से साढे पांच हजार क्विंटल पराली जल चुकी थी।
पीड़ित किसान का कहना है कि यह आग किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझ कर लगाई गई है। इस घटना में उसे लगभग 16 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए और उसके नुकसान की भरपाई करवाई जाए। राजौंद थाना के जांच अधिकारी महीपाल ने बताया कि किसान की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे