कैथल: मोबाइल दुकान पर फायरिंग का आरोपी काबू

 


कैथल, 09 मई (हि.स.)। कैथल पुलिस ने मोबाइल दुकान पर फायरिंग के आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के कीर्ति नगर निवासी रजत के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि चार अप्रैल की शाम चीका के चानना रोड स्थित “गिल मोबाइल” दुकान पर दो अज्ञात युवकों ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर फायरिंग की थी। दोनों हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रजत ने 14 अप्रैल की रात स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम पर भी फायरिंग की थी। पुलिस टीम ने बहादुरी दिखाते हुए मुठभेड़ के बाद उसे काबू कर लिया था, जिसमें उसके पैर में गोली लगी थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना ढांड में केस दर्ज है और वह जिला जेल में बंद था।

मोबाइल दुकान फायरिंग केस में गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए। इसके बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें रजत भी शामिल है। रजत पर हरियाणा पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे