कैथल : मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस का शिकंजा, दो बुलेट बाइक के 40 हजार के चालान, एक इंपाउंड
कैथल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले बुलेट बाइक चालकों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना राजौंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बुलेट मोटरसाइकिलों के कुल 40 हजार रुपये के चालान किए, जबकि एक बाइक को इंपाउंड कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार काे बताया कि कई बाइक चालक अपने वाहनों में अवैध रूप से साइलेंसर बदलकर पटाखे जैसी आवाज निकालते हैं और कुछ प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कर लोगों में दहशत फैलाते हैं। ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना राजौंद प्रभारी एसआई सतपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजौंद अस्पताल के पास एक बुलेट बाइक चालक को काबू किया, जो पटाखे बजा रहा था। जांच के दौरान बाइक पर पिछली नंबर प्लेट नहीं थी और चालक आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस भी पेश नहीं कर सका। साथ ही बाइक का साइलेंसर मॉडिफाइड पाया गया। पुलिस ने 28 हजार रुपये का चालान कर बाइक को इंपाउंड कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में गांव खुरड़ा से एक अन्य बुलेट बाइक को पकड़ा गया, जिसका 12 हजार रुपये का चालान किया गया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बुलेट बाइक से पटाखे बजाना कानूनन प्रतिबंधित है और इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म व ओवरस्पीडिंग जैसी गलतियों से बचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे