कैथल में रातभर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन,छह आरोपी गिरफ्तार

 


कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। कैथल पुलिस द्वारा सोमवार रात विशेष अंतर-राज्य नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक जारी रहा, जिसमें पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिनमें डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए टीमों का नेतृत्व किया। पुलिस ने कुल 375 वाहनों की गहन जांच की, जिसमें संदिग्ध गतिविधियों में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सफलता भी मिली। पुलिस ने दाे चोरीशुदा बाइक और 21 बोतल अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा एक वाहन में आठ पशुओं को क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जा रहे दाे आरोपियों को भी काबू किया गया। यह कार्रवाई चौंकी संगतपुरा पुलिस द्वारा रात्रिकालीन नाकाबंदी के दौरान की गई। चौंकी प्रभारी पीएसआई मन्नू के नेतृत्व में एएसआई चरण सिंह की टीम पुलिस चौकी के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान करीब रात 12 बजे एक पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि पिकअप में एक भैंस, एक बड़ी कटड़ी, पांच छोटी कटड़ियां और एक कटड़ा बेहद क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और सभी आठ पशुओं को मुक्त करवाया।

दूसरी तरफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 27 चालान किए गए और एक वाहन को इंपाउंड किया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे