कैथल में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

 


कैथल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव उझाना में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की गला दबाकर हत्या करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था और घटना वाले दिन हुए झगड़े के बाद उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार पानीपत जिले के गांव जलालपुर निवासी निवेश ने शिकायत दी कि उसकी बहन पूनम की शादी करीब 20 वर्ष पहले गांव उझाना निवासी सतीश के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पति घर का खर्च नहीं देता था, जिससे अक्सर झगड़े होते रहते थे।

बताया गया कि 21 जुलाई को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर निवेश अपने भाई के साथ उझाना पहुंचा और दोनों को समझाकर वापस लौट गया। अगले दिन 22 जुलाई की सुबह उसकी भांजी का फोन आया, जिसने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही परिजन नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

जांच के दौरान सदर थाना पुलिस ने आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी तांत्रिक क्रियाओं में अधिक विश्वास करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। उसके अनुसार घटना वाले दिन भी इसी बात पर कहासुनी हुई और भाइयों के सामने हुई बेइज्जती से गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे