कैथल में देह व्यापार के मामले में मकान मालिक गिरफ्तार
कैथल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के थाना गुहला क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक मामले का पर्दाफाश किया । इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान सलेमपुर निवासी दर्शन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल को थाना गुहला के प्रभारी पीएसआई सनेष कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि डेरा भाग सिंह इलाके में एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक कार्य करवाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की थी।
छापेमारी के दौरान मकान से तीन महिलाएं और तीन पुरुष संदिग्ध अवस्था में पाए गए। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में महिलाओं ने खुलासा किया कि डेरा भाग सिंह, गुहला निवासी सुमन नामक महिला उन्हें यहां बुलाकर ग्राहकों से पैसे लेकर देह व्यापार करवाती थी।
मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय बीर भान भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने रविवार को बताया कि इस संबंध में थाना गुहला में केस दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे