कैथल में दिल्ली-कटरा हाईवे पर श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, महिला की मौत

 




कैथल, 18 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-कटरा हाईवे पर गांव बरटा के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कलायत निवासी करीब 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी कार पंजाब के नकोदर से पूजा-अर्चना कर वापस कलायत लौट रही थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव बरटा के पास एक कार हाईवे पर चढ़ रही थी। आरोप है कि कार चालक गलत दिशा से वाहन को हाईवे पर लाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान श्रद्धालुओं की कार उससे हल्की सी टकरा गई और नियंत्रण खो बैठी। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा भिड़ी, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में कलायत निवासी निशा गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रिंकू, सरीता और संजीव घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।कलायत निवासी मोनिका ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे सभी पंजाब के नकोदर स्थित दरगाह पर माथा टेकने गए थे। रात में वापसी के दौरान बरटा के पास एक अज्ञात कार गलत दिशा से हाईवे पर चढ़ती दिखाई दी। जब उनकी कार उसके नजदीक पहुंची तो दूसरे वाहन चालक ने अचानक कार आगे बढ़ा दी, जिससे दोनों गाड़ियां टकरा गईं। टक्कर के बाद उनकी कार डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सदर थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घायलों का इलाज चल रहा है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे