कैथल में तितरम मोड़ पर किसानों का प्रदर्शन, हाईवे जाम की कोशिश रही नाकाम
कैथल, 11 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कैथल जिले में किसान संगठनों द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर तितरम मोड़ पर नेशनल हाईवे जाम करने का आह्वान किया गया, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया, जिसके चलते किसान हाईवे पर जाम नहीं लगा पाए। किसान सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिले भर से विभिन्न किसान संगठनों के 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया। हालांकि संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा पहले से किसानों को बड़ी संख्या में पहुंचने के लिए सूचित किया गया था, लेकिन अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के राज्य प्रधान कंवरजीत सिंह चीका और एकता सिद्धपुर के प्रधान गुरनाम सहारण ने बताया कि सरकार द्वारा फसल खरीद को लेकर बनाए गए नए नियम किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। इन नियमों के चलते किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान नेताओं ने कहा कि नए नियमों को खत्म करवाने के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की मांगों को नहीं माना गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। इनमें डीएसपी रोहताश सिंह, कलायत डीएसपी ललित कुमार और डीएसपी गुरविंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस की सतर्कता के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सुचारू बनी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे