कैथल में किसानों को राहत,17 करोड़ से होगा माइनर का पुर्न निर्माण

 


कैथल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पूंडरी क्षेत्र के किसानों से जुड़ा अहम मुद्दा हरियाणा विधानसभा में गूंजा, जहां विधायक सतपाल जांबा ने चंदाना और थरोटा माइनर की जर्जर स्थिति का विषय प्रमुखता से उठाया। सरकार की ओर से एक अप्रैल 2026 से दोनों माइनरों के पुर्न निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू करने की घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं पर कुल लगभग 17.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।विधायक ने सदन में बताया कि चंदाना माइनर पर करीब 7.52 करोड़ रुपये तथा थरोटा माइनर पर लगभग 9.62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दोनों माइनरों की हालत खराब होने के कारण किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर फसल सीजन के दौरान पानी की आपूर्ति बाधित होने से कृषि उत्पादन प्रभावित होता है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।इस पर सरकार की ओर से मंत्री श्रुति चौधरी ने उत्तर देते हुए आश्वासन दिया कि दोनों माइनरों के पुनर्वास और मरम्मत कार्य एक अप्रैल 2026 से प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई ढांचे को सुदृढ़ करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।सकारात्मक जवाब के बाद विधायक सतपाल जांबा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मंत्री श्रुति चौधरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और 17.14 करोड़ रुपये की यह परियोजना पूंडरी क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।विधायक ने विश्वास जताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद हजारों एकड़ भूमि को नियमित एवं पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे