कैथल में आग से 53 एकड़ गेहूं की फसल जली, किसानों को भारी नुकसान
कैथल, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव बाबा लदाना में रविवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। गांव बाबा लदाना और बुढ़ा खेड़ा के बीच रजबाहा के पास खेतों में लगी आग ने करीब 53 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दाे बजे रास्ते से गुजर रहे लोगों ने खेतों से उठती लपटों को देखा और तुरंत किसानों व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग ट्रैक्टर और हैरो लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां—दो कैथल, एक कलायत और एक धनाैरी मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शॉर्ट सर्किट या किसी चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है। इस आगजनी में कई किसानों की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई। इनमें रतना (18 एकड़), जयभगवान (6 एकड़), सुमेरचंद (4 एकड़), सीता राम (8 एकड़ और 2.5 एकड़), जगदीप सिंह (4 एकड़), संदीप (1.5 एकड़), पीपी सैनी (4 एकड़) और प्रवीन (3 एकड़) सहित अन्य किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
फायर स्टेशन इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए कहा है कि उनकी छह माह की मेहनत एक झटके में खत्म हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे