कैथल में अवैध पटाखों से भरी पिकअप पकड़ी, 125 पेटियां बरामद

 


कैथल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। दिवाली से पहले अवैध पटाखों की आवाजाही पर शिकंजा कसते हुए कैथल पुलिस ने कैथल-राजौंद रोड पर मंगलवार काे एक पिकअप गाड़ी से पटाखों की 125 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में चालक पटाखों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। बरामद पटाखों की जांच के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को सीआईए कलायत की टीम को सूचना मिली थी कि गांव नरवल में एक सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप में पटाखों की पेटियां लोड की जा रही हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि चालक के पास पटाखों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं हैं। इसके बाद सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में पीएसआई सौरभ और सिपाही मंदीप सिंह की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम नरवल से राजौंद की तरफ जा रही थी, तभी सामने से संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर चालक ने गाड़ी को गांव की गलियों में तेज रफ्तार और लापरवाही से भगाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने पीछा करते हुए कैथल-राजौंद रोड पर गाड़ी को रोक लिया।

चालक की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के गांव कमालपुर निवासी तरसेम सिंह के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने गाड़ी में पटाखे होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने जब पटाखों से संबंधित लाइसेंस और परमिट मांगे तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। इसके बाद राजौंद के फायर ब्रिगेड इंचार्ज एलएफएम सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पिकअप में रखी पेटियों की जांच की गई। एक पेटी खोलकर देखने पर उसमें बम-पटाखे मिले। इसके बाद गाड़ी से गत्ते की कुल 125 पैकिंगशुदा पेटियां बरामद की गईं।

पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे