कैथल : मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव साकेत कुमार ने किया अनाज मंडी का दौरा

 


कैथल, 27 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं जिला के प्रशासनिक सचिव डॉ. साकेत कुमार ने कहा है कि रबी सीजन के दौरान गेहूं व अन्य फसलों की खरीद को समुचित रूप से की जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार ने गेहूं खरीद के लिए जो भी नए प्रावधान किए हैं, उनके पालन के लिए सभी मंडियों में व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। बारदाने की पूरी व्यवस्था की जाए और फसल खरीद के बाद उसका समयबद्ध उठान किया जाए, ताकि मंडी में जाम जैसी स्थिति पैदा न हो।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार शुक्रवार को अनाज मंडी कैथल में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक के बाद उन्होंने मंडी का दौरा भी किया। साथ ही आढ़तियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने गेहूं खरीद की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान डीसी अपराजिता व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सभी उपकरणों को समयबद्ध दुरूस्त करवाएं। इस कार्य में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। गेट पास के बारे में बारीकी से जानकारी प्राप्त ली। जिसमें नए प्रावधान के तहत मंडी में प्रवेश के समय किसानों की फोटो खींचने से लेकर बायोमीट्रिक तक एवं बाद में एजेंसी के रिकॉर्ड में इंद्राज तक की पूरी प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की। इन विभिन्न चरणों में आवश्यक संसाधनों प्रिंटर, नमी मापने के यंत्र, बारदाना, कर्मचारियों की संख्या, गोदामों में खाली जगह, डिजिटल धर्मकांटों सहित सभी तरह के स्टॉक के बारे में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया इतने सरल तरीके से हो कि किसानों को कोई परेशानी न हो।

डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि मंडियों की आवाजाही में किसानों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए मंडी की सड़क को दुरूस्त करवाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी अधिकारियों व आढ़तियों से भी बातचीत की और उन्हें खरीद सीजन के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीने का पानी, बिजली, साफ-सफाई, लोडिंग व अनलोडिंग की सुचारू व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए और किसानों की फसल को निर्धारित मापदंड अनुसार ही खरीदा जाए। उन्होंने आढ़तियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

डीसी अपराजिता ने फसल खरीद प्रक्रिया की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्होंने आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा। इस मौके पर डीएमईओ अभिनव वालिया, मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल, विजेंद्र, रोहित एवं रमन के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे