कैथल: मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें अधिकारी : डीसी अपराजिता

 


कैथल, 01 अप्रैल (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आगामी मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें। सभी ड्रेन, नालों एवं नहरों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा विभिन्न नहरों एवं एसटीपी आदि पर चल रहे कार्यो को निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। सभी एसडीएम अपने स्तर पर भी बैठक करें और अपने-अपने क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा को लेकर चल रहे कार्यो की निगरानी रखें और उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा करवाएं।

डीसी अपराजिता बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में डिस्ट्रिक्ट फ्लड कंट्रोल बोर्ड की बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दे रहीं थीं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी शॉर्ट टर्म फ्लड प्रोटेक्शन कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और इनके टेंडर भी जारी हो चुके हैं। इन कार्यों को 10 अप्रैल से शुरू करके, उन्हें जल्द पूरा करवाएं। डीसी अपराजिता ने कहा कि घग्गर नदी पर पंप हाउस के निर्माण कार्य और सरस्वती नदी पर दो गेट लगाने की योजना पर जल्द काम शुरू करवाया जाए। इसके अलावा सभी परियोजनाओं को शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लांग टर्म श्रेणियों में विभाजित कर उनकी नई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

डीसी अपराजिता ने स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में दवाओं, फर्स्ट एड और आवश्यक संसाधनों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि वे गांवों में तालाबों आदि की समय पर सफाई करवाएं। इसी प्रकार नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि देखने में आया है कि कई स्थानों पर नालों से निकाला गया कचरा सड़कों पर ही छोड़ दिया जाता है, जिससे वह दोबारा नालों में पहुंच जाता है। इस कचरे का उचित निस्तारण निर्धारित डंपिंग साइट पर ही किया जाए। वहीं जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए वे किश्ती आदि की मरम्मत करवा कर रखें।

बैठक में विभिन्न पंप हाउस, पाइपलाइन और उपकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।सिंचाई विभाग के एसई नीरज शर्मा ने डीसी को अवगत करवाया किजिले में कुल 98 पंप उपलब्ध हैं, जिनमें 70 डीजल और 28 इलेक्ट्रिक पंप शामिल हैं। वहींहांसी-बुटाना नहर और सरोला साइफन की सफाई का कार्य शुरू हो चुका है, जिसे भी 30 जून तक पूरा किया जाएगा।

डीसी अपराजिता ने कहा कि जो पंप मरम्मताधीन हैं, सभी मरम्मत कार्यों को 31 मई तक पूरा किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में बन चुके और निर्र्धाणाधीन एसटीपी प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण करें।

इस अवसर पर एडीसी डा. सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, कैथल एसडीएम गुरविंद्र सिंह, गुहला चीका एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, सिंचाई विभाग के एसई नीरज शर्मा, डीआरओ चंद्र मोहन, सिविल सर्जन डा. रेनू चावला, डीडीपीओ ऋतु लाठर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे