कैथल: महिलाओं के स्वास्थ्य से मजबूत होगा समाज: जाम्बा
कैथल, 29 मई (हि.स.)। स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान के तहत शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पूंडरी विधायक सतपाल जाम्बा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि पूर्व विधायक लीला राम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी अपराजिता ने की। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल में स्थापित स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार महिला क्लीनिक का उद्घाटन तथा अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास किया गया।
दूसरी ओर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की नाै महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार योजना केवल महिलाओं के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है बल्कि समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नारी परिवार की आधारशिला होती है और यदि महिलाएं स्वस्थ होंगी तो परिवार एवं समाज दोनों मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन कई बार वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पातीं, जिसके कारण एनीमिया, तनाव, हड्डियों की बीमारी, ब्लड प्रेशर तथा शुगर जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर कई अनूठी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से प्रदेशभर की महिलाओं एवं किशोरियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
डीसी अपराजिता ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बेटियों और महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम उनके दिल के बहुत करीब हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज को बेटियों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनना होगा। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव हैं तथा आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे