कैथल: महिला के गलत ऑपरेशन की जांच काे मंत्री ने किया बोर्ड का गठन

 


कैथल, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव सेरधा निवासी एक महिला के ऑपरेशन में कथित लापरवाही का मामला जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में प्रमुखता से उठा। शिकायतकर्ता रामनिवास ने आरोप लगाया कि कंसल अस्पताल में महिला का बच्चेदानी का ऑपरेशन पुरुष डॉक्टर ने किया और ऑपरेशन के बाद पेट में धागे रह गए। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने मामले की जांच के लिए चिकित्सकों का बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखते हुए निष्पक्ष जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने को कहा गया। लघु सचिवालय के सभागार में हुई बैठक में कुल 13 शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें नौ मामलों का निपटारा किया गया, जबकि शेष शिकायतों में संबंधित विभागों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।कलायत के मॉडल टाउन मंडी निवासी सुच्चा सिंह ने बिजली चोरी का फर्जी केस बनाने, गलत नाम-पता दर्ज करने और 6,990 रुपये जबरन जमा करवाने का आरोप लगाया। मंत्री ने शिकायत की जांच के लिए एसडीएम कलायत, बिजली निगम के एक्सईएन और एक गैर-समिति सदस्य को शामिल करते हुए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी को अगली बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।गांव मूंदड़ी निवासी राज कुमार ने रंजिश के चलते परिजनों पर जानलेवा हमला करने और मुख्य आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी विदेश में है और उसके खिलाफ एलओसी जारी की गई है। मंत्री ने पुलिस को मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए और शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखा। गांव पाई निवासी कर्मबीर ने तीन माह की मजदूरी के 82 हजार रुपये नहीं मिलने की शिकायत रखी। बैठक में दोनों पक्षों के बीच समन्वय करवाकर शिकायतकर्ता को नियमानुसार राशि दिलवा दी गई। इसके बाद मामले का निपटारा कर दिया गया।

सेक्टर-19 पार्ट-1 की इंदिरा और दर्शना ने ग्रीन बेल्ट व पार्क क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की शिकायत रखी। अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं गांव काकौत निवासी पूनम देवी की फीस के कारण बेटी को परीक्षा में नहीं बैठने देने और एसएलसी रोकने की शिकायत का भी निपटारा किया गया। शिक्षा विभाग के नियमानुसार स्कूल ने छात्रा को अगली कक्षा में दाखिला दे दिया।गांव गुहणा निवासी बेअंत कौर की बैंक में जमा राशि और पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायत पर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करवाई गई। गांव सुल्तानिया निवासी लछीराम की नाले की निकासी से संबंधित शिकायत पर संबंधित विभाग को नाले का लेवल ठीक करवाने के निर्देश दिए गए।नहरी खाल, अतिक्रमण और खेल प्रमाणपत्र के मामले भी पहुंचेगांव हाबड़ी निवासी महेंद्र सिंह ने ट्योंठा रोड पर करीब 50 फीट लंबे नहरी खाल को दीवार व जाल लगाकर बंद करने की शिकायत की। मंत्री ने सिंचाई विभाग को धान की कटाई के बाद निशानदेही करवाकर खाल को सुचारू करवाने के निर्देश दिए।मॉडल टाउन निवासी डॉ. शशिपाल की जूडियो के साथ वाली गली में अतिक्रमण की शिकायत पर विभागीय कार्रवाई से शिकायतकर्ता संतुष्ट मिला। गांव ट्योंठा निवासी स्टेट गोल्ड मेडल विजेता हैंडबॉल खिलाड़ी संदीप कुमार ने खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनाने में देरी की शिकायत की। मंत्री ने जिला खेल अधिकारी को एक सप्ताह में समस्या का समाधान करने को कहा।गांव बुच्ची निवासी सिंदर बूरा की हैप्पी कार्ड संबंधी शिकायत पर विभाग ने बताया कि पोर्टल बंद होने के कारण फिलहाल आवेदन नहीं हो पा रहा है। पोर्टल खुलने पर आवेदन किया जा सकेगा। गांव पाई निवासी सागर की हरियाणा परिवार सुरक्षा योजना की राशि बैंक खाते में स्थानांतरित करवाने संबंधी शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे