कैथल: मंत्री के निर्देश पर शिफ्ट हुआ किसान का बिजली कनेक्शन
कैथल, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मालखेड़ी निवासी किसान प्रेम सिंह को उस समय बड़ी राहत मिली, जब कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के निर्देश पर उनके ट्यूबवेल का बिजली कनेक्शन विशेष अनुमति लेकर शिफ्ट कर दिया गया। किसान लंबे समय से कनेक्शन शिफ्ट करवाने के लिए प्रयास कर रहा था।
बैठक में मामला पहुंचने पर मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को मुख्यालय से विशेष अनुमति लेकर समाधान करने के निर्देश दिए। कनेक्शन शिफ्ट होने के बाद किसान ने मंत्री का आभार जताया। लघु सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कुल 11 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें आठ शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि तीन मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया।
बैठक में सांघन निवासी रणधीर ने अपने घर तक रास्ता उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने डीडीपीओ को अधिकृत करते हुए रास्ते की समस्या का समाधान करवाने के निर्देश दिए। वहीं, अंगौंध निवासी हुकम सिंह की धान बिक्री और पैसों के गबन संबंधी शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को दोनों पक्षों की बैठक करवाकर 15 दिन में मामला निपटाने को कहा। सहमति नहीं बनने पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बात्ता निवासी उर्मिला और सेक्टर-21 निवासी नरेंद्र कुमार की प्लॉट व प्रॉपर्टी आईडी संबंधी शिकायतों की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई। इसमें डीएसपी, डीआरओ और तहसीलदार को शामिल किया गया। फरल निवासी रानी की सरपंच पर 50 हजार रुपये लेने और धमकी देने की शिकायत पुलिस जांच के आधार पर निपटा दी गई।
पाई निवासी मंगत राम की गैस एजेंसी के खिलाफ अवैध कनेक्शन और अधिक राशि वसूलने की शिकायत पर ऑयल कंपनी ने एजेंसी को नोटिस जारी करने की जानकारी दी। मामले को अगली बैठक तक लंबित रखा गया। ट्योंठा निवासी हैंडबॉल खिलाड़ी संदीप सिंह को खेल विभाग की ओर से ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी होने के बाद उनकी शिकायत का निपटारा कर दिया गया।
गुहला क्षेत्र में अवैध क्लीनिकों के संचालन की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने आठ स्थानों पर छापेमारी की जानकारी दी। वहीं, नकली पनीर बनाने और सप्लाई करने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जांच के बाद मामला एडीसी कोर्ट भेज दिया गया है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर कथित डबल पंजीकरण के मामले की जांच करवाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। पंचायतों के खातों से साइबर ठगी के मामले की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे