कैथल : बोलेरो से टक्कर मारकर पशु चिकित्सक की हत्या का प्रयास, फिर रॉड से वार, आरोपी फरार

 


कैथल, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के सीवन क्षेत्र में चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने पशु चिकित्सक की जान लेने की कोशिश की। आरोपी ने पहले बोलेरो गाड़ी से जोरदार टक्कर मारी और फिर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गांव हिम्मतपुरा निवासी पशु चिकित्सक हरपाल सिंह, ने रविवार काे सीवन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 20 मार्च की शाम वह मनविद्र के डेरे में पशुओं को दवाई देने गए थे। अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर वे पास के मेडिकल स्टोर से दवाई लेने लगे। इसी दौरान उन्हें एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को दवा कंपनी का कर्मचारी बताया और पाबसर रोड पर मिलने के लिए कहा। हरपाल सिंह जैसे ही सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक गांव का ही गैहल सिंह अपनी बोलेरो गाड़ी से तेज रफ्तार में आया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हरपाल सिंह कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी ने जानबूझकर उन्हें निशाना बनाया।

टक्कर मारने के बाद आरोपी गाड़ी से उतरा और पीछे की सीट पर रखी लोहे की रॉड उठाकर हरपाल सिंह की ओर दौड़ा। उसने उनके सिर पर वार भी किया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और आरोपी को रोकने की कोशिश की। जैसे ही आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे और विरोध शुरू हुआ, आरोपी मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। लोगों ने पीड़ित को संभाला और पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित हरपाल सिंह के अनुसार, आरोपी गैहल सिंह के साथ उनका पहले भी झगड़ा हो चुका था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

सीवन थाना के एचएचओ पारस कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है और वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे