कैथल : बेसहारा पशुओं के हमलों पर में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख की सहायता मंजूर

 


कैथल, 25 मार्च (हि.स.)।

जिले में बेसहारा पशुओं के हमलों से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी अपराजिता की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में ‘दयालु-2’ योजना के तहत दो मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मंजूरी दी गई।

बैठक में कुत्ते के काटने के छह मामलों और सांडों की लड़ाई में घायल एक व्यक्ति के मामले में भी मुआवजा देने के आदेश जारी किए गए। डीसी ने स्पष्ट किया कि बेसहारा पशुओं के कारण होने वाले हादसों के लिए जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा।

डीसी अपराजिता ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु-2) सरकार की मानवीय पहल है, जिसका उद्देश्य हादसों से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं से होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

60-40 अनुपात में दी जाएगी सहायता

कमेटी ने निर्णय लिया कि कुत्ते के काटने और हादसों में मृत्यु के मामलों में दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि 60 और 40 प्रतिशत के अनुपात में दी जाएगी। इसमें 60 प्रतिशत राशि संबंधित विभाग और 40 प्रतिशत दयालु योजना के तहत गठित न्यास द्वारा प्रदान की जाएगी।

योजना के प्रावधान भी समझाए

डीसी ने बताया कि योजना के तहत सार्वजनिक स्थानों पर गाय, बैल, कुत्ता, नीलगाय, गधा और खच्चर जैसे बेसहारा पशुओं के हमले से मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता होने पर आयु वर्ग के अनुसार सहायता दी जाती है। कुत्ते के काटने की स्थिति में प्रति दांत के निशान के आधार पर 10 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। वहीं 70 प्रतिशत से कम दिव्यांगता होने पर कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम 1923 के अनुसार लाभ दिया जाएगा।

90 दिन के भीतर करना होगा आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। घटना के 90 दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदन प्रक्रिया में लोगों की मदद करें और जरूरी दस्तावेज पूरे करवाएं, ताकि पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ मिल सके।

बैठक में आरटीए गिरीश कुमार, एसडीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, सीएमओ डॉ. रेणु चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे