कैथल: बीमा क्लेम के लालच में रची ट्रक चोरी की झूठी कहानी, शिकायतकर्ता ही निकला आरोपी
कैथल, 11 अप्रैल (हि.स.)।
जिले के गुहला थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रक चोरी के मामले का एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाला सच सामने लाया है। इस मामले में शिकायतकर्ता ही आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि वार्ड नंबर 11 गुहला निवासी बलविन्द्र ने शिकायत दी थी कि उसका ट्रक नगर खेड़ा बाबा के सामने खड़ा था। नाै अप्रैल की रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई राममेहर की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ में सामने आया कि ट्रक की कोई चोरी नहीं हुई थी। दरअसल, शिकायतकर्ता बलविन्द्र ने खुद ही ट्रक को बेच दिया था और बीमा क्लेम प्राप्त करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आरोपी बलविंद्र्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ के लिए न्यायालय से पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे