कैथल : बिजली संकट से बिगड़ी जल आपूर्ति, ग्रामीणों ने पावर हाउस पर ताला जड़ने की दी चेतावनी
कैथल, 16 मई (हि.स.)। कैथल जिले के गांव खुराना में बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया। बिजली किल्लत का असर अब सिर्फ अंधेरे तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पेयजल संकट के रूप में भी सामने आने लगा है। बार-बार बिजली जाने से गांव में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसी समस्या से परेशान होकर ग्रामीणों ने बिजली निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच जब पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसी समय बिजली की कटौती कर दी जाती है। कई बार जैसे ही नलों में पानी आता है, तुरंत बिजली गुल हो जाती है, जिससे पानी भरने का मौका भी नहीं मिल पाता। इस वजह से महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण रामफल, सुनील मलिक, गुरमेल, मोहकम, धनपति, केला देवी, रामभतेरी ने बताया कि गांव में दिनभर में मुश्किल से आठ से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है और उसमें भी बार-बार कट लग रहे हैं। इससे न केवल घरों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे पावर हाउस पर ताला जड़ने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने मांग की कि गर्मी के मौसम को देखते हुए गांव में कम से कम 16 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पानी की समस्या से राहत मिल सके।
वहीं, बिजली निगम के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और सप्लाई में सुधार लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम के एसई सोमबीर ने कहा कि बिजली सप्लाई सुचारू करने की जा रही है। ग्रामीणों को समस्या नहीं आने दी जाएगीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे