कैथल: फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर ठगी के अराेप में दाे नाइजीरियन सहित पांच गिरफ्तार

 


कैथल, 17 जून (हि.स.)। कैथल पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला सहित दो नाइजीरियन नागरिक भी शामिल हैं, जो फेसबुक के जरिए लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे। मामला उस समय सामने आया जब जनकपुरी कॉलोनी के एक वरिष्ठ नागरिक ने शिकायत दी कि उसके साथ ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये की ठगी की गई है। जांच में सामने आया कि फरवरी 2025 में शिकायतकर्ता को फेसबुक मैसेंजर पर “जॉनसन डेनियल” नाम की एक महिला की आईडी से मैसेज आया। बातचीत बढ़ने पर महिला ने खुद को इंग्लैंड के मैनचेस्टर की निवासी बताया और धीरे-धीरे विश्वास जीत लिया।

कुछ समय बाद महिला ने भारत आने की बात कही। इसी बीच शिकायतकर्ता को एक कॉल आई, जिसमें खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कर्मचारी बताने वाली महिला ने कहा कि विदेशी महिला भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा के कारण कस्टम में फंसी हुई है। इसके बाद कस्टम ड्यूटी, बैंक चार्ज और अन्य शुल्कों के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाने का सिलसिला शुरू हो गया।

आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पूरी रकम बाद में वापस कर दी जाएगी। इस दौरान शिकायतकर्ता से कई किस्तों में रुपये ट्रांसफर करवाए गए। ठगों ने भावनात्मक दबाव बनाने के लिए रोते हुए वीडियो भी भेजे और लगातार पैसे मांगते रहे। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता के दस्तावेज लेकर फर्जी विदेशी बैंक खाता खोलने का नाटक किया गया और एटीएम कार्ड तक भेजा गया।

मार्च से मई 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से कुल आठ लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली। जब लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिली तो पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीर बहादुर गुरूंग (उत्तर प्रदेश), दीपा बिश्वाकर्मा (दिल्ली), रेखा सुहाग (प. बंगाल) और दो नाइजीरियन नागरिक महिला नजूबे चूकवुड़ी व पुरुष इटोहन मर्सी—के रूप में हुई है।

यह नाइजीरियन ही फर्जी फेसबुक आईडी बनाते थे, जबकि अन्य आरोपी बैंक खाते उपलब्ध करवाकर ठगी की रकम ट्रांसफर करवाते थे। पुलिस ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे