कैथल : पूंडरी के गांवों में उपायुक्त अपराजिता ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे का निरीक्षण
कैथल, 26 मार्च (हि.स.)।
उपायुक्त अपराजिता ने गुरुवार को पूंडरी खंड के गांव मुन्नारहेड़ी व मोहना में पहुंचकर रबी फसलों के डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत चल रहे गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटवारियों द्वारा की जा रही डिजिटल एंट्री की प्रक्रिया की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी अपराजिता ने कई एकड़ खेतों में पैदल चलकर स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत फसलों की एंट्री दर्ज की। उन्होंने खेतों में खड़ी फसलों की फोटो लेकर ऐप पर अपलोड की और संबंधित विवरण दर्ज किया। साथ ही किल्ला नंबर का सीजरा से मिलान भी किया गया, ताकि रिकॉर्ड की सटीकता सुनिश्चित हो सके। इस दौरान पटवारियों ने डीसी को अवगत कराया कि एंट्री करते समय ऐप में लोकेशन से संबंधित दिक्कतें आती हैं। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि खेत के अंदर जाकर फसल की एंट्री करें, जिससे लोकेशन की समस्या कम हो सके। उन्होंने कहा कि जिस खेत का सर्वे किया जा रहा है, उसी स्थान के पास जाकर ही डेटा दर्ज किया जाए।
डीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत गिरदावरी कार्य में तेजी लाई जाए और पटवारियों से रोजाना प्रगति रिपोर्ट ली जाए। जिन क्षेत्रों में एंट्री का कार्य अधिक शेष है, वहां अतिरिक्त स्टाफ लगाकर कार्य को जल्द पूरा करवाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य हर हाल में 31 मार्च तक पूरा किया जाए। इस मौके पर तहसीलदार अंशुल सहित अन्य संबंधित अधिकारी और पटवारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे