कैथल पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े दो इनामी बदमाश
कैथल, 26 जून (हि.स.)। कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने देर रात हुई मुठभेड़ में दो घोषित इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चीका के हुड्डा सेक्टर में नौ जून को हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात में वांछित थे और उनकी गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, लेकिन इंस्पेक्टर और एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोलियां लगी। इससे उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
चीका में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट और एंटी नारकोटिक सेल को सौंपी गई थी। इसी क्रम में गुरुवार देर रात स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध अपराधियों की तलाश में थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल दो शातिर अपराधी होंडा डब्ल्यूआर-वी कार में सवार होकर पूंडरी क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी अन्य बड़ी वारदात की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सिकंदरखेड़ी-बरसाना रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से दौड़ाते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर आरोपियों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार रुकते ही दोनों आरोपी बाहर निकले और फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई और हवाई फायर कर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल बूटा सिंह तथा दूसरी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी धर्मबीर के बाएं पैर तथा सोहन सिंह के दाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के मौड़ मंडी निवासी सोहन सिंह और धर्मबीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो अवैध .32 बोर देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा डब्ल्यूआर-वी कार बरामद की है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य लंबित वारदातों का खुलासा होने की भी संभावना है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे