कैथल: पाई गांव में बन रही कबड्डी अकादमी का निर्माण जल्द होगा पूरा

 


कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। क्षेत्र के गांव पाई में बन रही कबड्डी अकादमी का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है। हरियाणा विधानसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद खेल मंत्री गौरव गौतम का कहना है कि सरकार प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने गुुरुवार काे विधानसभा में बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा गांव पाई में कबड्डी अकादमी भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। भवन निर्माण के लिए खेल विभाग की ओर से लोक निर्माण विभाग को सात करोड़ 14 लाख रुपये जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सिविल और बिजली कार्य की लागत में बढ़ोतरी को लेकर फाइल स्वीकृति के लिए सरकार के पास भेजी गई है। जैसे ही इस पर मंजूरी मिलती है, शेष कार्य को अगले दो महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

विधानसभा में यह मुद्दा पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने उठाया था। उन्होंने कहा कि कबड्डी अकादमी भवन का लगभग 10 प्रतिशत कार्य अभी बाकी है, जिसे जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी की अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं और यदि यहां अकादमी शुरू हो जाती है तो क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक ने सरकार से मांग की कि पाई गांव में बन रही कबड्डी अकादमी के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को इसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे