कैथल : पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट बार कौंसिल चुनाव के लिए मतदान, पोलिंग पार्टियां रवाना
कैथल, 17 मार्च (हि.स.) पंजाब एवं हरियाणा बार कौंसिल चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार 18 मार्च को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद रवाना कर दिया गया है। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।
डीसी अपराजिता ने मंगलवार काे बताया कि मतदान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। जिले में कुल चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कैथल बार एसोसिएशन में प्रथम तल पर तीन बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 1659 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं गुहला बार एसोसिएशन में प्रथम तल पर एक बूथ बनाया गया है, जहां 146 अधिवक्ता मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल छह पोलिंग पार्टियां तैनात की गई हैं, जिनमें चार मुख्य और दो रिजर्व टीमें शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की है। कैथल क्षेत्र के लिए एसडीएम अजय हुड्डा (कलायत) को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गुहला-चीका क्षेत्र के लिए एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, वहीं संबंधित विभागों को बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से करें।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे