कैथल: पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल सदस्यों के लिए चुनाव, 1805 मतदाताओं में से 1533 ने किया मतदान
कैथल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
डीसी अपराजिता ने बुधवार को बताया कि जिले में चुनाव को सुचारू बनाने के लिए कुल चार मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। कैथल बार एसोसिएशन कार्यालय के प्रथम तल पर तीन बूथ बनाए गए थे। कुल 1659 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 1402 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार गुहला बार एसोसिएशन कार्यालय के प्रथम तल पर एक बूथ बनाया गया था, जहां 146 मतदाताओं में से 131 ने वोट डाला। इस प्रकार जिले में कुल 1805 मतदाताओं में से 1533 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। कैथल के लिए कलायत एसडीएम अजय हुड्डा को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वहीं गुहला-चीका क्षेत्र के लिए एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने नोडल अधिकारी के रूप में मोर्चा संभाला। मतदान को संपन्न करवाने के लिए कुल छह पोलिंग पार्टियां तैनात रहीं, जिनमें चार मुख्य टीमें और दाे रिजर्व टीमें शामिल थीं। डीसी अपराजिता ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे