कैथल : नशेड़ी पति ने गला घोंट कर की पत्नी की हत्या
कैथल, 21 मार्च (हि.स.)। शहर के चंदाना गेट पर एक नशेड़ी पति ने अपनी करीब 32 वर्षीय पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह अपनी भाभी को ये कहकर घर से भाग गया कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है, जाकर संभाल लो। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामला शहर थाना के तहत आने वाले चंदाना गेट फ्रांसवाला रोड का है। हत्या का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर तथ्य जुटाने में लग गई। मृतका की जेठानी दामिनी ने बताया कि शनिवार काे दोपहर के समय वे अपने कमरे में सो रहे थे। इस दौरान उसकी देवरानी शालू और देवर अरुण अपने कमरे में मौजूद थे। अचानक अरुण उनके पास हांफते हुए आया और बोला कि उसने शालू को मार दिया है, संभाल लेना। इतना कहकर मौके से भाग गया। जब वे कमरे में पहुंचे तो पाया कि शालू बैड पर मृत पड़ी हुई थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम की सहायता से मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका शालू बठिंडा की रहने वाली थी। उसकी 2018 में कैथल निवासी अरुण से शादी हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। बताया गया है कि अरुण नशे का आदी है और अक्सर नशा करके पत्नी के साथ मारपीट करता था।
पुलिस पीआरओ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका की मां सुनीता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे