कैथल : नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई, कई क्षेत्रों में एक साथ घर-घर छापेमारी
कैथल, 01 मार्च (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए रविवार काे अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में कमांडो दस्ता, एंटी नारकोटिक सेल की टीम और स्नाइपर डॉग को शामिल किया गया। पुलिस ने कलायत, राजौंद, सीवन, पूंडरी, थाना सदर और शहर क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और अन्य संभावित ठिकानों की बारीकी से जांच की। तलाशी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थों का भंडारण तो नहीं किया गया है या कोई संदिग्ध गतिविधि तो संचालित नहीं हो रही।
स्नाइपर डॉग की मदद से पुलिस ने छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थों की तलाश की। कई स्थानों पर लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब एंटी नारकाेटिक सेल के हेड कांस्टेबल सुनील संधू काे विभिन्न आराेपाें के चलते नाैकरी से बर्खास्त किया जा गया है। उनके साथ काम करने वाली पूरी टीम काे एसपी ने उपासना ने लाइन हाजिर कर दिया था।
पुलिस के व्यापक अभियान पर एसपी उपासना ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों व नशा तस्करों में भय पैदा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस कैथल को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इस साल अब तक 30 तस्कर गिरफ्तार
जिला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 21 अलग-अलग मामलों में 30 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में मादक पदार्थों की बरामदगी भी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया। नागरिकों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री करता है या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में लिप्त है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अवैध संपत्ति की भी होगी जांच
एसपी ने बताया कि नशा बेचकर अर्जित की गई अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है। ऐसे मामलों में संबंधित संपत्तियों को अटैच कराने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और नशे के खिलाफ जिला पुलिस की मुहिम और तेज की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे