कैथल : नशा तस्करों पर कार्रवाई: दाे मामलाें में डोडापोस्त सप्लायर व 32.55 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर काबू

 

कैथल, 03 मार्च (हि.स.)। जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलाें में कार्रवाई की है। एक ओर थाना चीका पुलिस ने एक किलो 450 ग्राम डोडापोस्त सप्लाई मामले में सप्लायर को गिरफ्तार किया है, वहीं एंटी नारकोटिक सैल ने कांगथली से 32.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित एक तस्कर को काबू किया है। एसपी उपासना के निर्देशानुसार पीएसआई कमलदीप की टीम ने गांव चाणचक निवासी राना राम को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के मंगलवार को बताया कि पिछले वर्ष 27 दिसंबर को एसआई अनिल कुमार की टीम ने हांसी-बुटाना नहर पुल, थेह बनेडा के पास नाकाबंदी के दौरान चार पहिया स्कूटी सवार डेरा बाजीगर, गांव थेह बनेडा निवासी रामकिशन को काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 450 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ था। थाना चीका में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में रामकिशन ने खुलासा किया कि नशीला पदार्थ उसे राना राम ने सप्लाई किया था। इसके आधार पर पुलिस ने सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।

कांगथली से 32.55 ग्राम हेरोइन बरामद

दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक सैल के एएसआई राजेश कुमार की टीम ने गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर गांव कांगथली में दबिश दी। सूचना थी कि प्रीतम सिंह अपने घर के पास गली में हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा तो एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे काबू कर लिया गया। उसकी पहचान गांव कांगथली निवासी प्रीतम सिंह के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर ईटीओ कैथल दीपक दत्त मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 32.55 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सीवन में मामला दर्ज कर एएसआई रोहताश ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे