कैथल: नशा तस्करी के आरोप में दो बाइक समेत चार काबू
कैथल, 09 जून (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सैल-2 ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दाे किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त, 4 लीटर अवैध शराब तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
एंटी नारकोटिक सैल-2 प्रभारी पीएसआई सनेश के नेतृत्व में एएसआई राकेश कुमार अपनी टीम के साथ गांव नंदगढ़ से रत्ता खेड़ा लुकमान क्षेत्र में गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रत्ता खेड़ा लुकमान निवासी भोला सिंह, बुट्टा सिंह व अमरजीत सिंह तथा पटियाला, पंजाब निवासी गुरजैंट सिंह अवैध शराब का कारोबार करते हैं और पंजाब के गांव मरोड़ी से कच्ची शराब लाकर सप्लाई करते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव मरोड़ी से रत्ता खेड़ा लुकमान जाने वाले कच्चे रास्ते पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ समय बाद पंजाब की ओर से दो मोटरसाइकिल आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार वापस मुड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों संदिग्धों को काबू कर लिया।तलाशी के दौरान पहली बाइक से भोला सिंह और बुट्टा सिंह के कब्जे से दाे लीटर अवैध शराब व 1 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। दूसरी बाइक से गुरजैंट सिंह और अमरजीत सिंह के कब्जे से दाे लीटर अवैध शराब व 1 किलो 100 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
चारों आरोपियों के खिलाफ थाना गुहला में मामला दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे चौकी महमूदपुर प्रभारी एएसआई संजय कुमार ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे