कैथल: नव नियुक्त जजों का बार एसोसिएशन ने किया स्वागत, बेहतर तालमेल पर जोर

 


कैथल, 04 मई (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को बार रूम में नव नियुक्त जजों के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एडीजे राजीव गोयल, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट अजय कुमार वर्मा और सीजेएम अपर्णा भारद्वाज का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह में जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा, पूर्व प्रधान रणबीर पाराशर और पूर्व सचिव सचिन सिंघल ने अतिथियों का अभिनंदन किया। इस दौरान सेशन जज कंचन माही सहित कई न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।

नव नियुक्त जजों ने अपने संबोधन में कहा कि वे वकीलों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर कार्य करेंगे और न्याय प्रक्रिया को सुचारू बनाएंगे। सेशन जज कंचन माही ने कहा कि बार और बैंच के बीच पहले की तरह मधुर संबंध बने रहेंगे और न्यायिक कार्यों में पूरा सहयोग जारी रहेगा।

वहीं, बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा ने आश्वस्त किया कि कैथल के वकील हमेशा सहयोगी भूमिका निभाते हैं और मामलों के निपटान में बैंच का पूरा साथ देते हैं। मंच संचालन पूर्व सचिव सचिन सिंघल ने किया।

कार्यक्रम में एडीजे अनूपमिश मोदी, नंदिता कौशिक, मोहित अग्रवाल, एसीजेएम अमनइंद्र सिंह, विरेन कादयान, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कंवल कुमार, जेएमआईसी अंकिता महाजन, संदीप कौर, तुषार शर्मा, प्रिंस कुमार, माधव मित्तल, साक्षी मैंगी, जसमीन कौर, गुंजन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। एडवोकेट हरदीप राणु और पीएल भारद्वाज ने भी नए जजों का स्वागत किया।

संदीप शर्मा ने फिर संभाला प्रधान पद

एडवोकेट संदीप शर्मा ने एक बार फिर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले उन्होंने 27 जनवरी को बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के सदस्य पद का चुनाव लड़ने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने 10 फरवरी को नामांकन भरा था और 18 मार्च को हुए मतदान में उन्हें 1038 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए। परिणाम के बाद 30 अप्रैल को उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया का रुख किया। इसके बाद एक मई को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के वाइस चेयरमैन द्वारा जारी पत्र में उन्हें दोबारा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद पर बने रहने की अनुमति दी गई।

पत्र जारी होने के बाद सोमवार को संदीप शर्मा ने दोबारा पदभार संभाल लिया। इस मौके पर वकीलों ने उनका जोरदार स्वागत किया। संदीप शर्मा ने सहयोग के लिए सभी अधिवक्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे